51 शक्तिपीठों का संक्षिप्त विवरण | 51 Shakti Peeth Name list.

51 Shakti Peeth name list – यदि आप शास्त्रों से जुड़े हुए है तो आपने प्रजापिता दक्ष के बारे में जानते ही होंगे प्रजापिता दक्ष जिन्होंने संसार को एक निश्चित मार्गदशन दिया, नियमो की संरचना की जिसके फलस्वरूप आप और हम अपनी आजीविका चला रहे है, देवी सती प्रजापिता दक्ष की पुत्री थी जिन्होंने भगवान शिव से प्रेम किया और विवाह किया, इसी कथा में आपको 51 शक्तिपीठों का संक्षिप्त विवरण का कारण पढने मिलेगा चलिए आगे बढें :-

पुराणों के अनुसार देवी सती के शव के विभिन्न अंगों से बावन शक्तिपीठों का निर्माण हुआ था। चलिए जानते है इसके पीछे की अंतर्कथा एक बार की बात है दक्ष प्रजापति ने कनखल (हरिद्वार) में ‘बृहस्पति सर्व’ नामक यज्ञ का आयोजन किया। उस यज्ञ में ब्रह्माविष्णुइंद्र और अन्य देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया, परन्तु जान-बूझकर दक्ष प्रजापति ने अपने जमाता भगवान शंकर को आमंत्रण नहीं दिया। शंकरजी की पत्नी और दक्ष की पुत्री सती पिता द्वारा न बुलाए जाने के अपमान पर और शंकरजी के रोकने पर भी यज्ञ में भाग लेने गईं।

यज्ञ-स्थल पर सती ने अपने पिता दक्ष से शंकर जी को आमंत्रित न करने का कारण जानना चाहा और पिता से उग्र विरोध प्रकट किया। इस पर दक्ष प्रजापति ने भगवान शंकर को अपशब्द कहे। इस अपमान से पीड़ित हुई देवी सती ने यज्ञ-अग्नि कुंड में कूदकर अपने प्राणों की आहुति दे दी। भगवान शंकर को जब इस दुर्घटना की जानकारी लगी तो क्रोध से उनका तीसरा नेत्र खुल गया। भगवान शंकर के आदेश पर उनके गणों के उग्र कोप से भयभीत सारे देवता ऋषिगण यज्ञस्थल से भाग गये। भगवान शंकर ने यज्ञकुंड से सती के पार्थिव शरीर को निकाल कंधे पर उठा लिया और दुःखी हुए इधर-उधर घूमने लगे।

तदनंतर सम्पूर्ण विश्व को प्रलय से बचाने के लिए जगत के पालनकर्त्ता भगवान विष्णु ने चक्र से सती के शरीर को टुकडो में नष्ट कर दिया। तदनंतर वे टुकड़े 51 जगहों पर गिरे। और वही 51 स्थान शक्तिपीठ कहलाए। सती ने दूसरे जन्म में हिमालयपुत्री पार्वती के रूप में शंकर जी से विवाह किया।

ये सभी शक्तिपीठ पूरे भारतीय उपमहाद्वीप में फैले हैं। देवी भागवत में 108 और देवी गीता में 72 शक्तिपीठों का जिक्र है। वहीं देवी पुराण में 51 शक्तिपीठ बताए गए हैं।

विषय में अंकित

आइए जानें कहांकहां हैं ये शक्तिपीठ

1. किरीट शक्तिपीठ – Kirit Shakti Peeth

किरीट शक्तिपीठ पश्चिम बंगाल के हुगली नदी के तट लालबाग कोट पर स्थित है, जहां सती माता का किरीट यानी शिराभूषण या मुकुट गिरा था। यहां की शक्ति विमला अथवा भुवनेश्वरी तथा भैरव संवर्त हैं। इस स्थान पर सती के ‘किरीट (शिरोभूषण या मुकुट)’ का निपात हुआ था। कुछ विद्वान मुकुट का निपात कानपुर के मुक्तेश्वरी मंदिर में मानते हैं।

2. कात्यायनी पीठ – Katyayani Shakti Peeth

 वृन्दावन मथुरा में स्थित है कात्यायनी वृन्दावन शक्तिपीठ जहां सती का केशपाश गिरा था। यहां की शक्ति देवी कात्यायनी हैं। यहाँ माता सती ‘उमा’ तथा भगवन शंकर ‘भूतेश’ के नाम से जाने जाते है।

3. करवीर शक्तिपीठ – Karveer Shakti Peeth

 महाराष्ट्र के कोल्हापुर में स्थित ‘महालक्ष्मी’ अथवा ‘अम्बाईका मंदिर’ ही यह शक्तिपीठ है। यहां माता का त्रिनेत्र गिरा था। यहां की शक्ति ‘महिषामर्दिनी’ तथा भैरव क्रोधशिश हैं। यहां महालक्ष्मी का निज निवास माना जाता है।

4. श्री पर्वत शक्तिपीठ – Shri Parvat Shakti Peeth

यहां की शक्ति श्री सुन्दरी एवं भैरव सुन्दरानन्द हैं। कुछ विद्वान इसे लद्दाख (कश्मीर) में मानते हैं, तो कुछ असम के सिलहट से 4 कि.मी. दक्षिण-पश्चिम (नैऋत्यकोण) में जौनपुर में मानते हैं। यहाँ सती के ‘दक्षिण तल्प’ (कनपटी) का निपात हुआ था।

5. विशालाक्षी शक्तिपीठ – Vishalakshi Shakti Peeth

 उत्तर प्रदेश, वाराणसी के मीरघाट पर स्थित है शक्तिपीठ जहां माता सती के दाहिने कान के मणि गिरे थे। यहां की शक्ति विशालाक्षी तथा भैरव काल भैरव हैं। यहाँ माता सती का ‘कर्णमणि’ गिरी थी। यहाँ माता सती को ‘विशालाक्षी’ तथा भगवान शिव को ‘काल भैरव’ कहते है।

6. गोदावरी तट शक्तिपीठ – Godavari Tat Shakti Peeth

आंध्र प्रदेश के कब्बूर में गोदावरी तट पर स्थित है यह शक्तिपीठ, जहाँ माता का वामगण्ड यानी बायां कपोल गिरा था। यहां की शक्ति विश्वेश्वरी या रुक्मणी तथा भैरव दण्डपाणि हैं। गोदावरी तट शक्तिपीठ आन्ध्र प्रदेश देवालयों के लिए प्रख्यात है। वहाँ शिव, विष्णु, गणेश तथा कार्तिकेय (सुब्रह्मण्यम) आदि की उपासना होती है तथा अनेक पीठ यहाँ पर हैं। यहाँ पर सती के ‘वामगण्ड’ का निपात हुआ था।

7. शुचींद्रम शक्तिपीठ – Suchindram Shakti Peeth

तमिलनाडु में कन्याकुमारी के त्रिासागर संगम स्थल पर स्थित है यह शुचींद्रम शक्तिपीठ, जहाँ सती के ऊर्ध्वदंत (मतान्तर से पृष्ठ भागद्ध गिरे थे। यहां की शक्ति नारायणी तथा भैरव संहार या संकूर हैं। यहाँ माता सती के ‘ऊर्ध्वदंत’ गिरे थे। यहाँ माता सती को ‘नारायणी’ और भगवान शंकर को ‘संहार’ या ‘संकूर’ कहते है। तमिलनाडु में तीन महासागर के संगम-स्थल कन्याकुमारी से 13 किमी दूर ‘शुचीन्द्रम’ में स्याणु शिव का मंदिर है। उसी मंदिर में ये शक्तिपीठ है।

8. पंच सागर शक्तिपीठ – Panch Sagar Shakti Peeth

 इस शक्तिपीठ का कोई निश्चित स्थान ज्ञात नहीं है लेकिन यहां माता के नीचे के दांत गिरे थे। यहां की शक्ति वाराही तथा भैरव महारुद्र हैं। पंच सागर शक्तिपीठ में सती के ‘अधोदन्त’ गिरे थे। यहाँ सती ‘वाराही’ तथा शिव ‘महारुद्र’ हैं।

9. ज्वालामुखी शक्तिपीठ – Jwalamukhi Shakti Peeth

 हिमाचल प्रदेश के काँगड़ा में स्थित है यह शक्तिपीठ, जहां सती का जिह्वा गिरी थी। यहां की शक्ति सिद्धिदा व भैरव उन्मत्त हैं। यह ज्वालामुखी रोड रेलवे स्टेशन से लगभग 21 किमी दूर बस मार्ग पर स्थित है। यहाँ माता सती ‘सिद्धिदा’ अम्बिका तथा भगवान शिव ‘उन्मत्त’ रूप में विराजित है। मंदिर में आग के रूप में हर समय ज्वाला धधकती रहती है।

10. हरसिद्धि शक्तिपीठ – Harshiddhi Shakti Peeth

 (उज्जयिनी शक्तिपीठ) इस शक्तिपीठ की स्थिति को लेकर विद्वानों में मतभेद हैं। कुछ उज्जैन के निकट शिप्रा नदी के तट पर स्थित भैरवपर्वत को, तो कुछ गुजरात के गिरनार पर्वत के सन्निकट भैरवपर्वत को वास्तविक शक्तिपीठ मानते हैं। अत: दोनों ही स्थानों पर शक्तिपीठ की मान्यता है। उज्जैन के इस स्थान पर सती की कोहनी का पतन हुआ था। अतः यहाँ कोहनी की पूजा होती है।

11. अट्टहास शक्तिपीठ – Atthas Shakti Peeth

 अट्टाहास शक्तिपीठ पश्चिम बंगाल के लाबपुर (लामपुर) रेलवे स्टेशन वर्धमान से लगभग 95 किलोमीटर आगे कटवा-अहमदपुर रेलवे लाइन पर है, जहाँ सती का ‘नीचे का होठ’ गिरा था। इसे अट्टहास शक्तिपीठ कहा जाता है, जो लामपुर स्टेशन से नजदीक ही थोड़ी दूर पर है।

12. जनस्थान शक्तिपीठ – Jansthan Shakti Peeth

महाराष्ट्र के नासिक में पंचवटी में स्थित है जनस्थान शक्तिपीठ जहां माता का ठुड्डी गिरी थी। यहां की शक्ति भ्रामरी तथा भैरव विकृताक्ष हैं। मध्य रेलवे के मुम्बई-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर नासिक रोड स्टेशन से लगभग 8 कि.मी. दूर पंचवटी नामक स्थान पर स्थित भद्रकाली मंदिर ही शक्तिपीठ है। यहाँ की शक्ति ‘भ्रामरी’ तथा भैरव ‘विकृताक्ष’ हैं- ‘चिबुके भ्रामरी देवी विकृताक्ष जनस्थले’। अत: यहाँ चिबुक ही शक्तिरूप में प्रकट हुआ। इस मंदिर में शिखर नहीं है। सिंहासन पर नवदुर्गाओं की मूर्तियाँ हैं, जिसके बीच में भद्रकाली की ऊँची मूर्ति है।

13. कश्मीर शक्तिपीठ – Kashmir Shakti Peeth

 कश्मीर में अमरनाथ गुफ़ा के भीतर ‘हिम’ शक्तिपीठ है। यहाँ माता सती का ‘कंठ’ गिरा था। यहाँ सती ‘महामाया’ तथा शिव ‘त्रिसंध्येश्वर’ कहलाते है। श्रावण पूर्णिमा को अमरनाथ के दर्शन के साथ यह शक्तिपीठ भी दिखता है।

14. नन्दीपुर शक्तिपीठ – Nandipur Shakti Peeth

पश्चिम बंगाल के बोलपुर (शांति निकेतन) से 33 किमी दूर सैन्थिया रेलवे जंक्शन से अग्निकोण में, थोड़ी दूर रेलवे लाइन के निकट ही एक वटवृक्ष के नीचे देवी मन्दिर है, यह 51 शक्तिपीठों में से एक है। यहाँ देवी के देह से ‘कण्ठहार’ गिरा था।

15. श्री शैल शक्तिपीठ – Shri Shail Shakti Peeth

आंध्र प्रदेश की राजधानी हैदराबाद से 250 कि.मी. दूर कुर्नूल के पास ‘श्री शैलम’ है, जहाँ सती की ‘ग्रीवा’ का पतन हुआ था। यहाँ की सती ‘महालक्ष्मी’ तथा शिव ‘संवरानंद’ अथवा ‘ईश्वरानंद’ हैं।

16. नलहाटी शक्तिपीठ – Nalhati Shakti Peeth

 पश्चिम बंगाल के बोलपुर में है नलहरी शक्तिपीठ, जहां माता का उदरनली गिरी थी। यहां की शक्ति कालिका तथा भैरव योगीश हैं। यहाँ सती की ‘उदर नली’ का पतन हुआ था। यहाँ की सती ‘कालिका’ तथा भैरव ‘योगीश’ हैं।

17. मिथिला शक्तिपीठ – Mithila Shakti Peeth

 यहाँ माता सती का ‘वाम स्कन्ध’ गिरा था। यहाँ सती ‘उमा’ या ‘महादेवी’ तथा शिव ‘महोदर’ कहलाते हैं। इस शक्तिपीठ का निश्चित स्थान बताना कुछ कठिन है। स्थान को लेकर कई मत-मतान्तर हैं। तीन स्थानों पर ‘मिथिला शक्तिपीठ’ को माना जाता है। एक जनकपुर (नेपाल) से 51 किमी दूर पूर्व दिशा में ‘उच्चैठ’ नामक स्थान पर ‘वन दुर्गा’ का मंदिर है। दूसरा बिहार के समस्तीपुर और सहरसा स्टेशन के पास ‘उग्रतारा’ का मंदिर है। तीसरा समस्तीपुर से पूर्व 61 किमी दूर सलौना रेलवे स्टेशन से 9 किमी दूर ‘जयमंगला’ देवी का मंदिर है। उक्त तीनों मंदिर को विद्वजन शक्तिपीठ मानते है।

18. रत्नावली शक्तिपीठ – Ratnavali Shakti Peeth

 रत्नावली शक्तिपीठ का निश्चित्त स्थान अज्ञात है, किंतु बंगाल पंजिका के अनुसार यह तमिलनाडु के मद्रास में कहीं है। यहाँ सती का ‘दायाँ कन्धा’ गिरा था। यहां की शक्ति कुमारी तथा भैरव शिव हैं।

19. अम्बाजी शक्तिपीठ – Ambaji Shakti Peeth

 यहाँ माता सती का ‘उदार’ गिरा था। गुजरात, गुना गढ़ के गिरनार पर्वत के प्रथत शिखर पर माँ अम्बा जी का मंदिर ही शक्तिपीठ है। यहाँ माता सती को ‘चंद्रभागा’ और भगवान शिव को ‘वक्रतुण्ड’ के नाम से जाना जाता है। ऐसी भी मान्यता है कि गिरिनार पर्वत के निकट ही सती का उर्द्धवोष्ठ गिरा था, जहाँ की शक्ति अवन्ती तथा भैरव लंबकर्ण है।

20. जालंधर शक्तिपीठ – Jalandhar Shakti Peeth

यहाँ माता सती का ‘बायां स्तन’ गिरा था। यहाँ सती को ‘त्रिपुरमालिनी’ और शिव को ‘भीषण’ के रूप में जाना जाता है। यह शक्तिपीठ पंजाब के जालंधर में स्थित है। इसे त्रिपुरमालिनी शक्तिपीठ भी कहते हैं।

21. रामगिरि शक्तिपीठ –

 रामगिरि शक्तिपीठ की स्थिति को लेकर मतांतर है। कुछ मैहर, मध्य प्रदेश के ‘शारदा मंदिर’ को शक्तिपीठ मानते हैं, तो कुछ चित्रकूट के शारदा मंदिर को शक्तिपीठ मानते हैं। दोनों ही स्थान मध्य प्रदेश में हैं तथा तीर्थ हैं। रामगिरि पर्वत चित्रकूट में है। यहाँ देवी के ‘दाएँ स्तन’ का निपात हुआ था।

22. वैद्यनाथ का हार्द शक्तिपीठ – Vaidhyanath Ka Haard

 शिव तथा सती के ऐक्य का प्रतीक झारखण्ड के गिरिडीह जनपद में स्थित वैद्यनाथ का ‘हार्द’ या ‘हृदय पीठ’ है और शिव का ‘वैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग’ भी यहीं है। यह स्थान चिताभूमि में है। यहाँ सती का ‘हृदय’ गिरा था। यहाँ की शक्ति ‘जयदुर्गा’ तथा शिव ‘वैद्यनाथ’ हैं।

23. वक्त्रेश्वर शक्तिपीठ – Vaktreshwar Shakti Peeth

माता का यह शक्तिपीठ पश्चिम बंगाल के सैन्थया में स्थित है जहां माता का मन गिरा था। यहां की शक्ति महिषासुरमदिनी तथा भैरव वक्त्रानाथ हैं। यहाँ का मुख्य मंदिर वक्त्रेश्वर शिव मंदिर है।

24. कन्याकुमारी शक्तिपीठ – Kanyakumari Shakti Peeth

 यहाँ माता सती की ‘पीठ’ गिरी थी। माता सती को यहाँ ‘शर्वाणी या नारायणी’ तथा भगवान शिव को ‘निमिष या स्थाणु’ कहा जाता है। तमिलनाडु में तीन सागरों हिन्द महासागर, अरब सागर तथा बंगाल की खाड़ी के संगम स्थल पर कन्याकुमारी का मंदिर है। उस मंदिर में ही भद्रकाली का मंदिर शक्तिपीठ है।

25. बहुला शक्तिपीठ – Bahula Shakti Peeth

 पश्चिम बंगाल के हावड़ा से 145 किलोमीटर दूर पूर्वी रेलवे के नवद्वीप धाम से 41 कि.मी. दूर कटवा जंक्शन से पश्चिम की ओर केतुग्राम या केतु ब्रह्म गाँव में स्थित है-‘बहुला शक्तिपीठ’, जहाँ सती के ‘वाम बाहु’ का पतन हुआ था। यहाँ की सती ‘बहुला’ तथा शिव ‘भीरुक’ हैं।

26. भैरवपर्वत शक्तिपीठ – Bhairav Parvat Shakti Peeth

यह शक्तिपीठ भी 51 शक्तिपीठों में से एक है। यहाँ माता सती के कुहनी की पूजा होती है। इस शक्तिपीठ की स्थिति को लेकर विद्वानों में मतभेद है। कुछ उज्जैन के निकट शिप्रा नदी तट स्थित भैरवपर्वत को, तो कुछ गुजरात के गिरनार पर्वत के सन्निकट भैरवपर्वत को वास्तविक शक्तिपीठ मानते हैं।

27. मणिवेदिका शक्तिपीठ – Manivedika Shakti Peeth

 राजस्थान में अजमेर से 11 किलोमीटर दूर पुष्कर एक महत्त्वपूर्ण तीर्थ स्थान है। पुष्कर सरोवर के एक ओर पर्वत की चोटी पर स्थित है- ‘सावित्री मंदिर’, जिसमें माँ की आभायुक्त, तेजस्वी प्रतिमा है तथा दूसरी ओर स्थित है ‘गायत्री मंदिर’ और यही शक्तिपीठ है। जहाँ सती के ‘मणिबंध’ का पतन हुआ था।

28. प्रयाग शक्तिपीठ – Prayag Shakti Peeth

 तीर्थराज प्रयाग में माता सती के हाथ की ‘अँगुली’ गिरी थी। यहाँ तीनों शक्तिपीठ की माता सती ‘ललिता देवी’ एवं भगवान शिव को ‘भव’ कहा जाता है। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में स्थित है। लेकिन स्थानों को लेकर मतभेद इसे यहां अक्षयवट, मीरापुर और अलोपी स्थानों में गिरा माना जाता है। ललिता देवी के मंदिर को विद्वान शक्तिपीठ मानते है। शहर में एक और अलोपी माता ललिता देवी का मंदिर है। इसे भी शक्तिपीठ माना जाता है। निश्चित निष्कर्ष पर पहुँचना कठिन है।

29. विरजा शक्तिपीठ – Virja Shakti Peeth

 उत्कल (उड़ीसा) में माता सती की ‘नाभि’ गिरी थी। यहाँ माता सती को ‘विमला’ तथा भगवान शिव को ‘जगत’ के नाम से जाना जाता है। उत्कल शक्तिपीठ उड़ीसा के पुरी और याजपुर में माना जाता है। पुरी में जगन्नाथ जी के मंदिर के प्रांगण में ही विमला देवी का मंदिर है। यही मंदिर शक्तिपीठ है।

30. कांची शक्तिपीठ – Kaanchi Shakti Peeth

 यहाँ माता सती का ‘कंकाल’ गिरा था। देवी यहाँ ‘देवगर्मा’ और भगवान शिव का ‘रूद्र’ रूप है। तमिलनाडु के कांचीपुरम में सप्तपुरियों में एक काशी है। वहाँ का काली मंदिर ही शक्तिपीठ है।

31. कालमाधव शक्तिपीठ – Kaal Madhav Shakti Peeth

 कालमाधव में सती के ‘वाम नितम्ब’ का निपात हुआ था। इस शक्तिपीठ के बारे कोई निश्चित स्थान ज्ञात नहीं है। परन्तु, यहां माता का ‘वाम नितम्ब’ का निपात हुआ था। यहां की शक्ति काली तथा भैरव असितांग हैं।यहाँ की सति ‘काली’ तथा शिव ‘असितांग’ हैं।

32. शोण शक्तिपीठ – Shod Shakti Peeth

 मध्य प्रदेश के अमरकण्टक के नर्मदा मंदिर में सती के ‘दक्षिणी नितम्ब’ का निपात हुआ था और वहाँ के इसी मंदिर को शक्तिपीठ कहा जाता है। यहाँ माता सती ‘नर्मदा’ या ‘शोणाक्षी’ और भगवान शिव ‘भद्रसेन’ कहलाते हैं।

33. कामाख्या शक्तिपीठ – Kamakhya Shakti Peeth

 यहाँ माता सती की ‘योनी’ गिरी थी। असम के कामरूप जनपद में असम के प्रमुख नगर गुवाहाटी (गौहाटी) के पश्चिम भाग में नीलाचल पर्वत/कामगिरि पर्वत पर यह शक्तिपीठ ‘कामाख्या’ के नाम से सुविख्यात है। यहाँ माता सती को ‘कामाख्या’ और भगवान शिव को ‘उमानंद’ कहते है। जिनका मंदिर ब्रह्मपुत्र नदी के मध्य उमानंद द्वीप पर स्थित है।

34. जयंती शक्तिपीठ – Jayanti Shakti Peeth

भारत के पूर्वीय भाग में स्थित मेघालय एक पर्वतीय राज्य है और गारी, खासी, जयंतिया यहाँ की मुख्य पहाड़ियाँ हैं। सम्पूर्ण मेघालय पर्वतों का प्रान्त है। यहाँ की जयंतिया पहाड़ी पर ही ‘जयंती शक्तिपीठ’ है, जहाँ सती के ‘वाम जंघ’ का निपात हुआ था।

35. मगध शक्तिपीठ – Magadh Shakti Peeth

बिहार की राजधानी पटना में स्थित पटनेश्वरी देवी को ही शक्तिपीठ माना जाता है जहां माता का दाहिना जंघा गिरा था। यहां की शक्ति सर्वानन्दकरी तथा भैरव व्योमकेश हैं। यह मंदिर पटना सिटी चौक से लगभग 5 कि.मी. पश्चिम में महाराज गंज (देवघर) में स्थित है।

36. त्रिस्तोता शक्तिपीठ – Tristota Shakti Peeth

यहाँ के बोदा इलाके के शालवाड़ी गाँव में तिस्ता नदी के तट पर ‘त्रिस्तोता शक्तिपीठ’ है, जहाँ सती के ‘वाम-चरण’ का पतन हुआ था। यहाँ की सती ‘भ्रामरी’ तथा शिव ‘ईश्वर’ हैं।

37. त्रिपुर सुन्दरी शक्तिपीठ – Tripur Sundari Shakti Peeth

 त्रिपुरा में माता सती का ‘दक्षिण पद’ गिरा था। यहाँ माता सती ‘त्रिपुरासुन्दरी’ तथा भगवन शिव ‘त्रिपुरेश’ कहे जाते हैं। त्रिपुरा राज्य के राधा किशोरपुर ग्राम से 2 किमी दूर दक्षिण-पूर्व के कोण पर, पर्वत के ऊपर यह शक्तिपीठ स्थित है।

38. विभाष शक्तिपीठ – Vibhas Shakti Peeth

 यहाँ माता सती का ‘बायाँ टखना’ गिरा था। यहाँ माता सती ‘कपालिनी’ अर्थात ‘भीमरूपा’ और भगवन शिव ‘सर्वानन्द’ कपाली है। पश्चिम बंगाल के पासकुडा स्टेशन से 24 किमी दूर मिदनापुर में तमलूक स्टेशन है। वहाँ का काली मंदिर ही यह शक्तिपीठ है।

39. देवीकूप शक्तिपीठ – Devikoop Shakti Peeth

 यहाँ माता सती का ‘दाहिना टखना’ गिरा था। यहाँ माता सती को ‘सावित्री’ तथा भगवन शिव को ‘स्याणु महादेव’ कहा जाता है। हरियाणा राज्य के कुरुक्षेत्र नगर में ‘द्वैपायन सरोवर’ के पास कुरुक्षेत्र शक्तिपीठ स्थित है, जिसे ‘श्रीदेवीकूप भद्रकाली पीठ’ के नाम से जाना जाता है।

40. युगाद्या शक्तिपीठ – Yugadya Shakti Peeth

‘युगाद्या शक्तिपीठ’ बंगाल के पूर्वी रेलवे के वर्धमान जंक्शन से 39 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में तथा कटवा से 21 किमी. दक्षिण-पश्चिम में महाकुमार-मंगलकोट थानांतर्गत क्षीरग्राम में स्थित है- युगाद्या शक्तिपीठ, जहाँ की अधिष्ठात्री देवी हैं- ‘युगाद्या’ तथा ‘भैरव’ हैं- क्षीर कण्टक। तंत्र चूड़ामणि के अनुसार यहाँ माता सती के ‘दाहिने चरण का अँगूठा’ गिरा था।

41. विराट शक्तिपीठ – Virat Shakti Peeth

 यह शक्तिपीठ राजस्थान की राजधानी गुलाबी नगरी जयपुर से उत्तर में महाभारतकालीन विराट नगर के प्राचीन ध्वंसावशेष के निकट एक गुफा है, जिसे ‘भीम की गुफा’ कहते हैं। यहीं के वैराट गाँव में शक्तिपीठ स्थित है, जहाँ सती के ‘दायें पाँव की उँगलियाँ’ गिरी थीं।

42. कालीघाट काली मंदिर – Kalighat Kali Mandir

यहाँ माता सती की ‘शेष उँगलियाँ’ गिरी थी। यहाँ माता सती को ‘कलिका’ तथा भगवान शिव को ‘नकुलेश’ कहा जाता है। पश्चिम बंगाल, कलकत्ता के कालीघाट में काली माता का सुविख्यात मंदिर ही यह शक्तिपीठ है।

43. मानस शक्तिपीठ – Manas Shakti Peeth

 यहाँ माता सती की ‘दाहिनी हथेली’ गिरी थी। यहाँ माता सती को ‘दाक्षायणी’ तथा भगवान शिव को ‘अमर’ कहा जाता है। यह शक्तिपीठ तिब्बत में मानसरोवर के तट पर स्थित है।

44. लंका शक्तिपीठ – Lanka Shakti Peeth

 श्रीलंका में, जहाँ सती का ‘नूपुर’ गिरा था। यहां की शक्ति इन्द्राक्षी तथा भैरव राक्षसेश्वर हैं। लेकिन, उस स्थान ज्ञात नहीं है कि श्रीलंका के किस स्थान पर गिरे थे।

45. गण्डकी शक्तिपीठ – Gandki Shakti Peeth

नेपाल में गण्डकी नदी के उद्गमस्थल पर ‘गण्डकी शक्तिपीठ’ में सती के ‘दक्षिणगण्ड’ का पतन हुआ था। यहां शक्ति `गण्डकी´ तथा भैरव `चक्रपाणि´ हैं।

46. गुह्येश्वरी शक्तिपीठ – Guhoshwari Shakti Peeth

 नेपाल में ‘पशुपतिनाथ मंदिर’ से थोड़ी दूर बागमती नदी की दूसरी ओर ‘गुह्येश्वरी शक्तिपीठ’ है। यह नेपाल की अधिष्ठात्री देवी हैं। मंदिर में एक छिद्र से निरंतर जल बहता रहता है। यहाँ की शक्ति ‘महामाया’ और शिव ‘कपाल’ हैं।

47. हिंगलाज शक्तिपीठ – Hinglaj Shakti Peeth

 यहाँ माता सती का ‘ब्रह्मरंध्र’ गिरा था। यहाँ माता सती को ‘भैरवी/कोटटरी’ तथा भगवन शिव को ‘भीमलोचन’ कहा जाता है। यहाँ शक्तिपीठ पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रान्त के हिंगलाज में है। हिंगलाज कराची से 144 किमी दूर उत्तर-पश्चिम दिशा में हिंगोस नदी के तट पर है। यही एक गुफा के भीतर जाने पर माँ आदिशक्ति के ज्योति रूप के दर्शन होते है।

48. सुंगधा शक्तिपीठ – Sugandha Shakti Peeth

 बांग्लादेश के बरीसाल से 21 किलोमीटर उत्तर में शिकारपुर ग्राम में ‘सुंगधा’ नदी के तट पर स्थित ‘उग्रतारा देवी’ का मंदिर ही शक्तिपीठ माना जाता है। इस स्थान पर सती की ‘नासिका’ का निपात हुआ था।

49. करतोयाघाट शक्तिपीठ – Kartoyaghat Shakti Peeth

 यहाँ माता सती का ‘वाम तल्प’ गिरा था। यहाँ माता ‘अपर्णा’ तथा भगवन शिव ‘वामन’ रूप में स्थापित है। यह स्थल बांग्लादेश में है। बोगडा स्टेशन से 32 किमी दूर दक्षिण-पश्चिम कोण में भवानीपुर ग्राम के बेगड़ा में करतोया नदी के तट पर यह शक्तिपीठ स्थित है।

50. चट्टल शक्तिपीठ – Chattal Shakti Peeth

 चट्टल में माता सती की ‘दक्षिण बाहु’ गिरी थी। यहाँ माता सती को ‘भवानी’ तथा भगवन शिव को ‘चंद्रशेखर’ कहा जाता है। बंग्लादेश में चटगाँव से 38 किमी दूर सीताकुंड स्टेशन के पास चंद्रशेखर पर्वत पर भवानी मंदिर है। यही ‘भवानी मंदिर’ शक्तिपीठ है।

51. यशोर शक्तिपीठ – Yashor Shakti Peeth

 यह शक्तिपीठ वर्तमान बांग्लादेश में खुलना ज़िले के जैसोर नामक नगर में स्थित है। यहाँ सती की ‘वाम’ (जांघ के नीचे और पैर के ऊपर का हिस्सा) का निपात हुआ था।


भगवानम डॉट कॉम हम आपके लिए लगातार धार्मिक व्रत कथा, पूजन और विधि विधान सम्बंधित जानकारियाँ निरंतर पोस्ट करते रहते है साथ ही हमने हिंदी भजन लिरिक्स, आरती लिरिक्स, चालीसा लिरिक्स का भाग भी जोड़ दिया है जिससे आप इनको भी पढ़कर जानकारियाँ ले सकते है। किसी भी प्रकार की जानकारियाँ यदि आपको चाहिए तो आप हमें कमेंट के द्वारा बता सकते है या ईमेल द्वारा भी संपर्क कर सकते है। आपको यहाँ पर दी गयी जानकारी कैसी लगी हमें जरुर बताएं।

अधिक जानकारी के लिए हमारे Youtube Channel सब्सक्राइब करें –

Scroll to Top