दद्दा धाम कटनी में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान 9 से 13 नवंबर तक यातायात में बदलाव

बसों के लिए बिलहरी नाका से पीरबाबा बायपास तक रहेगा प्रवेश निषेध, यातायात पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील

कटनी। दद्दा धाम कटनी में 9 से 13 नवंबर तक चलने वाले प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इस अवधि में बिलहरी नाका से पीरबाबा बायपास तक बसों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात निरीक्षक राहुल पांडेय ने बताया कि देशभर से आ रहे संत-महात्माओं, कथावाचकों, गायकों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु यह निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बस संचालक संघ के अध्यक्ष को पत्र जारी करते हुए निर्देश दिया है कि—

जबलपुर से कटनी आने वाली बसें पीरबाबा बायपास से गुलवारा ब्रिज होते हुए बिलहरी नाका से बस स्टैंड कटनी पहुंचें।

वहीं, कटनी से जबलपुर जाने वाली बसें बस स्टैंड कटनी से बिलहरी नाका, गुलवारा ब्रिज, पीरबाबा बायपास मार्ग से होकर जाएँ।

यह रहेगी यातायात व्यवस्था

  • आमजन को असुविधा से बचाने के लिए यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं—
  • कमर्शियल वाहन (लोडर, पिकअप आदि) बिलहरी मोड़ से गुलवारा ब्रिज के रास्ते आवागमन कर सकेंगे।
  • जबलपुर की ओर आने-जाने वाली सभी बसें बिलहरी नाका से गुलवारा ब्रिज होते हुए अपने गंतव्य तक जाएँगी।

नो-एंट्री का समय भी बदला


प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान रविवार से 13 नवंबर तक दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक जेल मोड़ से बिलहरी नाका तक नो-एंट्री लागू रहेगी। इस अवधि में बिलहरी से जेल मोड़ आने-जाने वाले वाहन वैकल्पिक मार्ग सत्संग भवन से होकर बिलहरी मोड़ की ओर जा सकेंगे।

यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अन्य जानकारी के लिए प्रतिदिन जुड़े रहे हमसे।


Scroll to Top